Patna: मोतिहारी जिले के डुमरियाघाट थाना क्षेत्र में दो नाबालिग बच्चियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने उनके पिता संतोष यादव को गिरफ्तार किया है. मृत बच्चियों की पहचान अंजली कुमारी और जुली कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद से उनकी मां भी घर से लापता बताई जा रही है. पुलिस उसकी बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही है. दो मासूम बच्चियों की संदिग्ध मौत और मां के लापता होने से इलाके में सनसनी है.

एक ही रात मां के साथ सोई थीं दोनों बच्चियां

पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के सेमुआपुर गांव में दो नाबालिग बच्चियों की संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने की सूचना मिली थी. प्रारंभिक जांच में पता चला कि 22 नवंबर की रात दोनों बच्चियां अपनी मां के साथ घर में सोई थीं. अगले दिन दोनों की मौत की जानकारी सामने आई. घटना के बाद बच्चियों की मां के भी घर से लापता होने की बात पता चली. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र कराए गए. दोनों बच्चियों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.

नाना के आवेदन पर हत्या का मामला दर्ज, पिता गिरफ्तार

इस मामले में मृत बच्चियों के नाना लक्ष्मण राय, निवासी महारानी उग्रसेन पश्चिम टोला, थाना मोहम्मदपुर, जिला गोपालगंज के लिखित आवेदन पर डुमरियाघाट थाना कांड संख्या 358/26, दिनांक 24 नवंबर 2026 दर्ज किया गया. पुलिस ने डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के सेमुआपुर निवासी नामजद आरोपी बच्चियों के पिता संतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब बच्चियों की मौत के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. उनकी मां की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस तकनीकी और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान आगे बढ़ा रही है. फिलहाल बच्चियों की मौत के वास्तविक कारणों और घटना में किसकी क्या भूमिका रही, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *