Patna: सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर बथवरिया थानाध्यक्ष पर आरोप लगाने वाले थाना के चौकीदार रामवृक्ष पासवान के दावे पुलिस जांच में निराधार पाए गए हैं. रामनगर एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर बगहा पुलिस ने यह जानकारी दी है. पुलिस ने चौकीदार के खिलाफ अनुशासनहीनता के मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई करने की बात कही है.
वीडियो वायरल कर थानाध्यक्ष पर लगाए थे आरोप
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था. इसमें बथवरिया थाना में तैनात चौकीदार रामवृक्ष पासवान ने थानाध्यक्ष पर कई आरोप लगाए थे. मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच रामनगर एसडीपीओ से कराई गई. जांच के बाद चौकीदार द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया गया.
गांव के चौकीदार से विवाद के बाद बढ़ा था मामला
जांच रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व में चौकीदार रामवृक्ष पासवान का अपने ही गांव के चौकीदार लालबाबू मांझी के साथ विवाद हुआ था. इस घटना की सूचना पर एसआई नीतू कुमारी घटनास्थल पर पहुंची थीं. आरोप है कि वहां रामवृक्ष पासवान ने महिला पुलिस पदाधिकारी और उनके साथ गए पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा ईंट उठाकर मारने का प्रयास किया.
छत पर चढ़कर पुलिसकर्मियों को दी थी गाली
जांच में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष स्वयं मौके पर पहुंचे थे. इस दौरान चौकीदार रामवृक्ष पासवान अपने घर की छत पर चढ़ गए और पुलिसकर्मियों को जोर-जोर से अपशब्द कहने लगे. इस संबंध में बथवरिया थाना की दैनिक डायरी संख्या 65, दिनांक 3 नवंबर 2026 तथा दैनिक डायरी संख्या 66, दिनांक 4 नवंबर 2026 को दर्ज की गई थी.
चौकीदार के खिलाफ भी दर्ज है प्राथमिकी
इस विवाद को लेकर चौकीदार लालबाबू मांझी के आवेदन पर रामवृक्ष पासवान के विरुद्ध बथवरिया थाना कांड संख्या 81/2026, दिनांक 4 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. बगहा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रामवृक्ष पासवान द्वारा किए गए अनुशासनहीनता के मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
