Saharsa: सहरसा जिले के सौरबाजार थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में एक आरोपी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले में कर्तव्य में लापरवाही और प्रथम दृष्टया हाजत नियमों का पालन नहीं करने के आरोप में थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. निलंबित होने वालों में थानाध्यक्ष पु०नि० संजय कुमार सत्यार्थी, अनुसंधानकर्ता परि०पु०अ०नि० शिवानी कुमारी, ओडी पदाधिकारी स०अ०नि० अनंत कुमार सिंह, सिपाही मुन्ना कुमार और ड्यूटी पर तैनात चौकीदार राजकिशोर शर्मा का नाम शामिल है.

शौचालय जाने के दौरान लगाई फांसी

पुलिस के अनुसार, सौरबाजार थाना कांड संख्या 398/26 के प्रेम-प्रसंग से संबंधित मामले में आरोपी अनमोल कुमार को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया था. मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे शौचालय जाने के दौरान उसने वॉशरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. प्रारंभिक जांच में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को स्वयं वॉशरूम में प्रवेश करते हुए देखा गया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल आरोपी को सदर अस्पताल, सहरसा पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस के अनुसार, शव का नियमानुसार राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के दिशा-निर्देशों के तहत मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में मृत्यु समीक्षा प्रतिवेदन तैयार कराया जा रहा है. साथ ही मेडिकल बोर्ड द्वारा वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.

एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम करेगी जांच

घटना के बाद सहरसा एसपी ने कर्तव्य में लापरवाही और प्रथम दृष्टया हाजत नियमों का पालन नहीं करने के आरोप में पांच पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निलंबित कर पुलिस केंद्र सहरसा क्लोज कर दिया है. एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की है. टीम को घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच करने का निर्देश दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *