Patna: नालंदा पुलिस ने हथियारों की बड़ी खेप बरामदगी के मामले में करीब डेढ़ साल से फरार चल रहे अप्राथमिकी अभियुक्त मो. आमिर सुहेल उर्फ बाबर मलिक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसे लहेरी थाना क्षेत्र के एक होटल में आयोजित शादी समारोह से दबोचा. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लंबे समय से आसूचना संकलन और निगरानी कर रही थी.
भाई के घर से पकड़ी गई थी हथियारों की बड़ी खेप
पुलिस के अनुसार, 28 मई 2025 को गुप्त सूचना के आधार पर बिहार थाना कांड संख्या 315/25 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी के भाई अखलाकुर रहमान उर्फ अकबर मलिक के घर से हथियारों की बड़ी खेप बरामद की गई थी. इस मामले में बिहार थाना क्षेत्र के बैगनाबाद निवासी मो. आमिर सुहेल उर्फ बाबर मलिक को अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया था. इसके बाद से ही पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी.
शादी समारोह में शामिल होने की मिली सूचना
23 नवंबर की रात करीब 10:50 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फरार आरोपी लहेरी थाना क्षेत्र के एक होटल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचा है. सूचना मिलते ही बिहार थाना पुलिस ने लहेरी थाना के सहयोग से कार्रवाई की और होटल परिसर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ बिहार थाना और लहेरी थाना में वर्ष 2012 से 2024 के बीच कुल सात मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं.
