Patna: गैलेक्सी मेडिकल के मालिक मो. जूनैद अहमद हत्याकांड में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को औरंगाबाद पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी मो. सैफ अली उर्फ मैड़ी के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर इलाके से गिरफ्तार किया है. आरोपी कई महीनों से फरार चल रहा था. पुलिस के अनुसार, उसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया है.

नवाडीह मोड़ पर मेडिकल संचालक की हुई थी गोली मारकर हत्या

पुलिस के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को नगर थाना क्षेत्र के नवाडीह मोड़ के पास मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने गैलेक्सी मेडिकल के मालिक मो. जूनैद अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना के बाद मृतक के परिजनों के बयान पर नगर थाना (कांड संख्या 90/26) में 31 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

आठ आरोपियों को पहले ही भेजा जेल

हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद एसपी ने एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी. टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने, आसूचना संकलन, ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. पुलिस के मुताबिक, इस कांड में अब तक आठ अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. वहीं, चार आरोपी के घरों की कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी है.

कई महीनों से फरार था 50 हजार का इनामी सैफ

जांच के दौरान पुलिस को मो. सैफ अली उर्फ मैड़ी के जम्मू-कश्मीर में छिपे होने की जानकारी मिली. इसके बाद एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए उसे बारामूला जिले के सोपोर इलाके से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है. हालांकि, हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार सैफ अली के खिलाफ नगर थाना में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या, मारपीट, चोरी, धमकी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं. उसके खिलाफ वर्ष 2018, 2019, 2025 और 2026 में विभिन्न प्राथमिकी दर्ज की गई हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *