Ranchi: झारखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और सभी पात्र नागरिकों का नाम दर्ज कराने के लिए चलाए जा रहे होम-टू-रोल सत्यापन अभियान के दौरान तमाड़ विधानसभा क्षेत्र में सात ऐसे युवा नागरिक मिले हैं, जो 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बावजूद अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सत्यापन कार्य की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को अभियान तेज कर शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों का निबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
तीन मतदान केंद्रों पर किया गया सत्यापन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 7, 100 और 255 के अंतर्गत डिम्बुजारदा गांव, जंगामी गांव तथा बुंडू शहरी क्षेत्र में मतदाता सूची के सत्यापन कार्य का जायजा लिया. उन्होंने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) के साथ मौके पर जाकर अभियान की प्रगति की समीक्षा की.
सर्वेक्षण में सात युवा मतदाता मिले छूटे हुए
सत्यापन के दौरान चार अलग-अलग स्थानों पर सैंपल सर्वेक्षण किया गया. इस क्रम में घर-घर जाकर नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की जानकारी ली गई. सर्वेक्षण में सात ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों की पहचान हुई, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं था. ये सभी युवा हैं और मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं.
सभी जिलों में अभियान तेज करने का निर्देश
इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए के. रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सघन होम-टू-रोल सत्यापन अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए.
18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं पर विशेष जोर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अथवा इससे पहले जन्मे सभी पात्र भारतीय नागरिकों की पहचान की जाए. ऐसे सभी नागरिकों का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत निबंधन सुनिश्चित करने के लिए घर-घर सत्यापन किया जाए. साथ ही, जिन पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जाए.
