Ranchi: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 में हजारीबाग पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया. हजारीबाग की टीम ने 5 स्वर्ण पदक जीतकर प्रमंडल के पांच जिलों की टीमों को पीछे छोड़ दिया. चतरा जिला पुलिस ने बेहतरीन प्रदर्शन के साथ रनर-अप का स्थान हासिल किया.
कैसा रहा प्रदर्शन
पुलिस ड्यूटी मीट में तकनीकी, अनुसंधान और व्यावसायिक दक्षता से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं. हजारीबाग के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने हर वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और 5 स्वर्ण पदकों के साथ सर्वाधिक अंक अर्जित कर चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया.
समापन समारोह
समापन समारोह में उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र के डीआईजी अंजनी झा ने विजेता टीमों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया. उन्होंने कहा, “पुलिस ड्यूटी मीट केवल प्रतियोगिता नहीं, पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता, अनुसंधान क्षमता और टीम भावना को निखारने का मंच है.” उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया. चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा, “रनर-अप का स्थान टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है.” हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने कहा, “यह उपलब्धि जवानों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और पेशेवर प्रतिबद्धता का परिणाम है. टीम ने पूरे पुलिस बल का नाम रोशन किया है.”
