Ranchi: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम-सोनपोखरी, मुण्डा टोला में 23 जून को मिला 25 किलो वजनी विस्फोटक जैसा संदिग्ध बम शुकवार को भारतीय सेना की BDD टीम द्वारा सुरक्षित विनष्ट कर दिया गया. पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी और सेना की तत्परता से बड़ी घटना टल गई. किसी भी ग्रामीण की जान-माल की क्षति नहीं हुई है.
23 जून को मिला था संदिग्ध बम
जानकारी के मुताबिक 23 जून को मनोहरपुर थाना अंतर्गत ग्राम सोनपोखरी, मुण्डा टोला में एक विस्फोटक जैसा बम मिला था. बम की लंबाई 56 सेमी, व्यास 42.5 सेमी और वजन लगभग 20 से 25 किलो ग्राम था. सुरक्षा की दृष्टि से उक्त विस्फोटक पदार्थ को सुरक्षित स्थान पर घेराबंदी कर रखा गया था. प. सिंहभूम, चाईबासा एसपी के निर्देशानुसार शुक्रवार को एएसपी, एसडीपीओ मनोहरपुर, थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी, मुखिया एवं ग्राम प्रधान की उपस्थिति में भारतीय सेना की BDD टीम द्वारा सुरक्षित स्थान पर सफल पूर्वक विनष्टीकरण किया गया. विस्फोटक के विनष्टीकरण के दौरान किसी स्थानीय ग्रामीण की जान-माल की क्षति नहीं हुई है. पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है कि इतना बड़ा विस्फोटक वहां कैसे पहुंचा.
