Ranchi: तिलैया थाना क्षेत्र में एक ही दिन दो महिलाओं से चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का कोडरमा पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है. कोडरमा एसपी की स्पेशल टीम ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है. आरोपियों के पास से छीना गया सोने जैसा चेन, वारदात में इस्तेमाल बाइक और कपड़े बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आऱोपी में तिलैया थाना क्षेत्र के आजाद मुहल्ला के रहने वाले वंश कुमार वर्मा और बिहार के गया जिले के पाईबिधी के रहने वाले शिवम कुमार का नाम शामिल है.
क्या है पूरा मामला
मामले की जानकारी देते हुए कोडरमा एसपी ने बताया कि 23 जून को तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड-07 निवासी एक महिला से मॉर्निंग वॉक से लौटते समय बाइक सवार बदमाशों ने चेन छीन ली. इस संबंध में तिलैया थाना (कांड संख्या-196/26) में मालमा दर्ज किया गया. उसी रात वार्ड-09 विद्यापुरी की एक अन्य महिला से भी बाइक सवारों ने चेन स्नेच कर ली. इस मामले में भी केस (संख्या-198/26) दर्ज हुआ. दोनों घटनाओं की गंभीरता देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में स्पेशल टीम गठित की. टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई. इसी दौरान 3 लोगों को पकड़ा गया. पूछताछ में तीनों ने दोनों वारदात कबूल की.
