Patna: समस्तीपुर के पटोरी थाना क्षेत्र के ग्राम चकसलेम में गुरुवार सुबह दो पक्षों के बीच विवाद के बाद पुलिस से उलझने पर 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रण में है और माहौल सामान्य बताया जा रहा है.
मुन्नी देवी के घर के सामने हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पटोरी थाना को सूचना मिली कि चकसलेम में मुन्नी देवी के घर के सामने दो पक्षों के बीच बहस हो रही है. सूचना पर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने पाया कि प्रथम पक्ष सुनील सिंह के लोगों द्वारा मुन्नी देवी और उसके बेटे पर आरोप लगाया जा रहा था कि उनके पुत्र अविनाश को दो दिनों से छिपाकर घर पर रखा गया है. वहीं मुन्नी देवी के पक्ष के लोगों का कहना था कि अविनाश कुमार, जिसे जुआ और नशा करने की लत है, अपनी मर्जी से उनके घर आया है.
पुलिस से उलझे तो हुई गिरफ्तारी
पुलिस बल द्वारा दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों पक्ष के लोग उग्र होकर पुलिस बल के साथ उलझ गए. स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने उपद्रवियों में से कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में पटोरी थाना में मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल स्थिति सामान्य है.
