Saharsa: सहरसा के बैजनाथपुर में मेहता चौक स्थित कबाड़ी दुकान की आड़ में चल रहे चोरी के सामान खरीद-बिक्री का खुलासा करते हुए पुलिस दो आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के कबाड़ी दुकानदार कृष्ण मुरारी और सौरबाजार थाना क्षेत्र के पिंकेश कुमार का नाम शामिल है. मौके पर से 6 बाईक का इंजन, 3 टंकी ई-रिक्शा, टावर बैटरियाँ, ट्रांसफॉर्मर के पुर्जे हुक्स, पट्टी, टुटा हुआ देशी सिक्सर, सौकर, टायर, रीम और वाइजर पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के मेहता चौक, वार्ड संख्या-22 स्थित कृष्णा मुरारी की कबाड़ी दुकान पर छापेमारी कर अवैध रूप से संचित वाहन पार्ट्स एवं विद्युत उपकरणों की बड़ी खेप बरामद की गई है. बैजनाथपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी के दौरान दुकान से चोरी के विभिन्न बाईक इंजन, स्कूटी, टंकी, वायरिंग सेट,,ई-रिक्शा की बैटरियाँ, ट्रांसफॉर्मर के पुर्जे, टायर बैटरियाँ एवं अन्य बहुमूल्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री बरामद की गई. प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बरामद सामान विभिन्न स्थानों से चोरी कर कबाड़ी के माध्यम से अवैध रूप से खरीदी बेची जा रही थी. नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. इस संबंध में बैजनाथपुर थाना (कांड सं0-19/26) में मामला दर्ज किया गया है.
