Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को मुजफ्फरपुर के लिए बड़े ऐलान किए. मोतीपुर में आयोजित सहयोग शिविर में उन्होंने 22 हजार एकड़ जमीन पर ‘तिरहुत’ नाम से नई सैटेलाइट टाउनशिप बनाने, मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट का जल्द शिलान्यास करने और चौथा चीनी मिल मोतीपुर में ही खोलने की घोषणा की. मुख्यमंत्री  ने रिमोट के जरिए 288.16 करोड़ रुपये की 109 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया. मुख्यमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत और नीतीश कुमार जी ने समृद्ध बिहार का सपना देखा है. उसे पूरा करेंगे. बिहार को फिर से गौरवशाली बनाना है, इसके लिए खून का कतरा-कतरा लगा देंगे. अपराधियों को 48 घंटे में जवाब दिया जाएगा.” उन्होंने बताया कि राज्य का बजट 3 लाख 47 हजार करोड़ का है और बिहार समृद्धि के रास्ते पर है.

सहयोग शिविर में 90% शिकायतों का निष्पादन

मोतीपुर प्रखंड के गोसाईंपुर स्थित उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान के निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर में अब तक 10 हजार आवेदन मिले हैं, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत का निष्पादन जिला प्रशासन ने कर दिया है. मुख्यमंत्री ने सख्त चेतावनी दी – “अगर 10 दिन में शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो 11वें दिन CMO से नोटिस जाएगा. 30 दिन में समाधान नहीं तो 31वें दिन अधिकारी को निलंबन का नोटिस मिलेगा.

मुजफ्फरपुर के लिए बड़े ऐलान

तिरहुत टाउनशिप: कैबिनेट से 11 सैटेलाइट टाउनशिप मंजूर. 22 हजार एकड़ में ‘तिरहुत’ नाम से नई टाउनशिप बनेगी.

एयरपोर्ट: मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट की सारी प्रक्रियाएं पूरी, जल्द शिलान्यास.

चीनी मिल: 3 चीनी मिल खोलने का फैसला. चौथा चीनी मिल मोतीपुर में ही खुलेगा. 2030 तक बिहार में 25 चीनी मिल शुरू करने का लक्ष्य.

रैपिड रेल: मुजफ्फरपुर को व्यवस्थित करने के लिए रैपिड रेल की योजना. इससे पटना से मुजफ्फरपुर 30-40 मिनट में पहुंच सकेंगे.

शिक्षा: 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोलेंगे. महिला शिक्षकों का ट्रांसफर गृह पंचायत के बगल वाली पंचायत में और पुरुषों का बगल वाले प्रखंड में होगा.

जीविका दीदियों को 101 करोड़ का चेक

मुख्यमंत्री ने 6733 स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों को 101 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक दिया. साथ ही उद्यमी योजना, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, राशन कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र समेत कई योजनाओं के लाभुकों को प्रमाणपत्र बांटे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed