Patna: गोपालगंज जिले के महम्मदपुर थाना पुलिस ने नकली नोटों के बंडल दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. ठग बैंक से पैसे निकालकर आने वाले लोगों को ज्यादा रुपये का लालच देकर बंडल थमा देते थे, जिसमें ऊपर-नीचे असली 500 के नोट लगे होते थे और बीच में सिर्फ सादा कागज भरा होता था. गिरफ्तार आरोपी में पवन कुमार सहनी, उमेश साह और नंदन सहनी उर्फ बाबूजी उर्फ बुढ़ा का नाम शामिल है. तीनों आरोपी पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है. आरोपी के पास से 2000 रुपये नगद दो कागज के बंडल के साथ, दो बाईक और दो मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है. पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे बैंक से पैसे निकालकर आने वाले लोगों को अधिक रुपये का लालच देकर ठगी करते थे.

वाहन चेकिंग में धराए ठग

गोपालगंज एसपी के निर्देश पर महम्मदपुर थाना पुलिस NH-27 स्थित चंदन पेट्रोल पंप के समीप वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान दो बाईक पर सवार तीन संदिग्ध डुमरिया पुल की ओर से आते दिखे. पुलिस को देखते ही वे बाइक मोड़कर भागने लगे, जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया. इस संबंध में महम्मदपुर थाना (कांड संख्या 196/26) में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed