Patna: 5 लाख रिश्वत लेते पकड़े गये सहायक निदेशक के घर से 15 लाख से अधिक नगद और निवेश के कागजात निगरानी की टीम ने बरामद बरामद किया है. युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सहायक निदेशक परमजय सिंह को निगरानी की टीम 5 लाख रुपये रिश्वत लेते पटना स्थित नियोजन भवन के उत्तर दिशा के पार्किंग के पास से गिरफ्तार किया गया.
निगरानी से मिली जानकारी के अनुसार ओम प्रकाश पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराया था कि नया व्यवसाय के लिए 26 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं को वेतन, कार्यालय व्यय एवं मशीन उपस्कर मद में आवंटन निर्गत करनेके लिए संचिका बढ़ाई गई थी, जिसकी कुल आवंटित राशि 2,69,40,208 रु० थी. आरोपी सहायक निदेशक परमजय सिंह द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में बुलाकर बोला गया कि आपको कार्यालय व्यय एवं मशीन उपस्कर कार्यालय मद में क्रमशः 84,95,000 रुपया एवं 85,35,000 रुपया समेत कुल 1,70,30,000 रु० आवंटन निर्गत किया गया है उसके एवज में सभी संबंधित लोगों से वसूलकर 10,00,000 रु० निदेशक नियोजन एवं प्रशिक्षण सुनील कुमार-1 द्वारा मांगा गया है, उसमें कुछ राशि मेरे लिए भी कीजिएगा. इस प्रकार 10,00,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है. ब्यूरो जब शिकायत का सत्यापन करायातो रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया. इस संबंध में निगरानी थाना (कांड सं0-15/26) में मामला दर्ज किया गया. इसके बाद अनुसंधानकर्ता के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया. धावादल कार्रवाई करते हुए युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सहायक निदेशक परमजय सिंह को 5,00,000 रूपये रिश्वत लेते हुए नियोजन भवन के उत्तर दिशा के पार्किंग के पास से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद पटना स्थित आवास की तलाशी के लिए एक टीम का गठन किया गया. तलाशी के क्रम में अबतक लगभग 15,00,000 रूपया नगद से अधिक राशि एवं निवेश के कई कागजात आदि बरामद हुए हैं. तलाशी की कारवाई जारी है.
