Patna: कर्तव्य में लापरवाही, अनियमितता एवं संदिग्ध आचरण के आरोप में मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) के पहाड़पुर थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. मामले की जांच में थानाध्यक्ष की कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई. मामले की जांच पहाड़पुर के पर्यवेक्षी पदाधिकारी द्वारा की गई. जांच रिपोर्ट में थानाध्यक्ष का आचरण संदिग्ध पाया गया. रिपोर्ट में प्राथमिकी दर्ज नहीं करने, चोरी की गाड़ी बरामद होने, चोरी की गाड़ी से शराब बरामद होने तथा घटना के बाद भी आवश्यक कार्रवाई नहीं करने जैसे बिंदुओं का उल्लेख किया गया. जांच में यह भी सामने आया कि घटना के 11 दिन बीत जाने के बाद भी थानाध्यक्ष की ओर से प्राथमिकी अथवा आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई. पुलिस ने इसे मनमानेपन एवं घोर लापरवाही का परिचायक माना. घटना के संबंध में पहाड़पुर थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा गया था. स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद एसपी ने पहाड़पुर थानाध्यक्ष (एसआई) मनीष कुमार को बरती गई लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता एवं संदिग्ध आचरण के आरोप में प्रशासनिक नियंत्रण के दृष्टिकोण से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. वही एसआई देवेन्द कुमार को नया थानाध्यक्ष बनाया गया है.
19 सितंबर की रात मारपीट के बाद छोड़कर भागे थे बाइक
मामला 19 सितंबर 2026 की रात का है. पहाड़पुर थाना क्षेत्र में विजय कुमार साह, पिता रमेश साह, निवासी सरैया बरवा टोला के साथ कारखाना टोला मंदिर के पास कुछ लोगों ने मारपीट की थी. शोर मचाए जाने के बाद आरोपी अपनी दोनों मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गए थे. घटना की सूचना थाना एवं डायल-112 को दी गई. इसके बाद स्थानीय चौकी के बेटा तथा डायल-112 के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने दोनों मोटरसाइकिल पुलिस के हवाले कर दी.
डिक्की खोली तो बाइक में मिली शराब
पुलिस के अनुसार, थाना चालक ने बाइक की डिक्की खोलकर जांच की तो एक बाइक की डिक्की में शराब बरामद हुई. इस संबंध में वादी की ओर से प्राथमिकी दर्ज करने के लिए जख्म जांच प्रतिवेदन के साथ लिखित आवेदन भी दिया गया था. आरोप है कि इसके बावजूद तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई और न ही किसी वरीय पदाधिकारी को मामले की सूचना दी गई.
