Ranchi: जमशेदपुर जिले में संगठित अपराध और महत्वपूर्ण आपराधिक घटनाओं को लेकर गुरुवार को पुलिस मुख्यालय ने समीक्षा की. डीजीपी की ओर से जमशेदपुर स्थित एसएसपी के आवासीय कार्यालय में आयोजित बैठक में जिले के महत्वपूर्ण कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई. समीक्षा के दौरान गोलमुरी थाना क्षेत्र के केनरा बैंक डकैती कांड तथा सोनारी थाना क्षेत्र स्थित बिंदल मॉल में हुई फायरिंग की घटना की विस्तृत जानकारी ली गई. संबंधित कांडों की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई अनुसंधान की प्रगति और गठित विशेष जांच दल (SIT) की ओर से की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई.

संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

बैठक में संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस की कार्रवाई को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया. अधिकारियों को महत्वपूर्ण कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने तथा अपराधियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

QR आधारित बीट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर

समीक्षा बैठक में QR आधारित बीट पुलिसिंग की भी समीक्षा की गई. पुलिस पदाधिकारियों को क्षेत्र में गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने तथा QR आधारित बीट पुलिसिंग को प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए गए. अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की मौजूदगी और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया.

SIT की कार्रवाई की ली गई जानकारी

महत्वपूर्ण कांडों की जांच के लिए गठित SIT की ओर से अब तक की गई कार्रवाई और अनुसंधान की प्रगति की जानकारी वरीय अधिकारियों ने ली. लंबित बिंदुओं पर तेजी से कार्रवाई करने तथा कांडों के अनुसंधान को निर्धारित दिशा में आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया. बैठक में कोल्हान डीआईजी, एसएसपी, ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी समेत संबंधित पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *