Patna: बिहार के औरंगाबाद जिले में अस्पताल के अंदर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. प्रसव कराने को लेकर हुए विवाद में अस्पताल के संचालक डॉक्टर और उनके सहयोगियों ने कथित तौर पर एक व्यक्ति की बेसबॉल स्टिक और लोहे की रॉड से पिटाई कर दी. गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान रफीगंज थाना क्षेत्र के चरकुप्पा गांव निवासी सिकन्दर खां के रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले में अस्पताल के संचालक डॉक्टर और एक कंपाउंडर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी में गया जिले के कोच थाना क्षेत्र के बैंकठपुर निवासी डॉक्टर रंजीत कुमार यादव और औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र के परराही सलैमपुर निवासी कंपाउंडर सौरभ कुमार का नाम शामिल है.

प्रसव कराने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना 10 नवंबर की रात की है. चरकुप्पा गांव निवासी सिकन्दर खां अपने मित्र राजा चौधरी के बुलाने पर उनके पिता महेंद्र चौधरी का इलाज कराने रफीगंज के नोनिया टिलहा स्थित K.P. मेमोरियल अस्पताल पहुंचे थे. इसी अस्पताल में सिकन्दर खां के पूर्व परिचित मिस्टर खान की पुत्री जिनत खातून भी प्रसव के लिए भर्ती थीं. उन्हें खून की कमी थी.

बताया गया है कि खून की कमी को देखते हुए अस्पताल के मालिक सह संचालक डॉ. रंजीत कुमार यादव ने जिनत खातून को किसी दूसरे अस्पताल में ले जाकर प्रसव कराने की सलाह दी. इसी बात को लेकर सिकन्दर खां और डॉक्टर के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.

दरवाजा बंद कर बेसबॉल स्टिक और रॉड से पीटा

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान अस्पताल संचालक डॉ. रंजीत कुमार यादव, उनके भाई रंजय कुमार और कंपाउंडर सौरभ कुमार ने अस्पताल के दरवाजे को अंदर से बंद कर लिया. इसके बाद बेसबॉल स्टिक और लोहे की रॉड से सिकन्दर खां की बेरहमी से पिटाई कर दी. इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

पटना के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

घटना के बाद घायल सिकन्दर खां को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालत गंभीर होने पर उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां 14 नवंबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल के मालिक सह संचालक डॉ. रंजीत कुमार यादव और कंपाउंडर सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, डॉक्टर का भाई रंजय कुमार और दो अन्य अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

हत्या की धारा में तब्दील हुआ मामला

इस संबंध में रफीगंज थाना कांड संख्या 440/26, दिनांक 11 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी. शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था. सिकन्दर खां की मौत के बाद इसे भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या के मामले में परिवर्तित कर दिया गया है. पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *