Patna: बिहार के सिवान में साइबर पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके बैंक खाते से देश के 12 राज्यों में साइबर ठगी की 14 शिकायतें जुड़ी हुई हैं. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नौतन थाना क्षेत्र के मठिया टोला निवासी नितिश कुमार शर्मा के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से मोबाइल, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक बरामद की है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दूसरे राज्यों में भी साइबर अपराध से संबंधित प्राथमिकी दर्ज है.
पुलिस के अनुसार, साइबर थाना पुलिस ने साइबर थाना कांड संख्या 79/2026 के नामजद आरोपी नितिश कुमार शर्मा को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने अपना नाम और पता मठिया टोला, थाना नौतन, जिला सिवान बताया.
बैंक खाते की जांच में खुला 12 राज्यों का कनेक्शन
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से बैंक ऑफ इंडिया की पासबुक बरामद की. साइबर पुलिस पोर्टल पर पासबुक में दर्ज बैंक खाते की जांच की गई तो पता चला कि इस खाते के संबंध में देश के 12 राज्यों से कुल 14 साइबर शिकायतें दर्ज कराई गई हैं. इस खुलासे के बाद पुलिस आरोपी के बैंक खाते से जुड़े साइबर अपराधों की कड़ियों की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. उसके खिलाफ साइबर अपराध से जुड़े मामले गुरुग्राम, उत्तर प्रदेश के देवरिया और मुंबई में दर्ज हैं. आरोपी के विरुद्ध साइबर थाना (कांड संख्या 79/26) में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
