Patna: नवादा जिले के रजौली प्रखंड के हरदिया पंचायत स्थित फुलवरिया डैम जाने वाले मार्ग पर बनी पुरानी पुलिया के क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू की है. जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देशानुसार रविवार को रजौली एसडीओ स्वतंत्र कुमार सुमन ने स्थल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया. आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए.
आज रात तक बहाल होगा आवागमन
एसडीओ ने बताया कि सिंचाई प्रमंडल, रजौली एवं रेलवे के समन्वय से क्षतिग्रस्त स्थल पर ह्यूम पाइप लगाकर आज रात्रि तक आवागमन बहाल करने की कार्रवाई की जा रही है. साथ ही लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) की जलापूर्ति पाइपलाइन को आवश्यक तकनीकी सपोर्ट प्रदान कर बहुउद्देशीय नल-जल योजना के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति भी शीघ्र बहाल की जाएगी. प्रशासन का कहना है कि मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है ताकि आम लोगों को असुविधा न हो.
