Ranchi: झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. लातेहार पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 20 लाख रुपये के इनामी नक्सली रविंद्र गंझू को चंदवा से गिरफ्तार किया गया है. रविंद्र गंझू उर्फ मुकेश गंझू उर्फ सुरेंद्र गंझू प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी का स्वयंभू रीजनल कमांडर है. वह लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के हेसला मौजा, बांझीटोला का रहने वाला है. उस पर झारखंड पुलिस ने 15 लाख और एनआईए ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. उसके खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में 55 से अधिक मामले दर्ज हैं. रविंद्र गंझू को उसके गांव हेसला के पास से पकड़ा गया. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रविंद्र अपने गांव आया है. इसके बाद घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया. गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक AK-56 राइफल भी बरामद की गई है.
प्रमुख कांड जिनमें था शामिल
लुकैया मोड़ हमलाः रविंद्र के नेतृत्व में माओवादियों ने 22 नवंबर 2019 को पुलिस गश्ती वैन पर हमला किया था. इस हमले में एक एएसआई और 3 गृह रक्षक शहीद हुए थे. हमले के बाद सरकारी हथियार और कारतूस भी लूटे गए थे.
कटिया हमलाः लातेहार के बरवाडीह थाना क्षेत्र के कटिया जंगल में 7 जनवरी 2013 को आईईडी विस्फोट कर पुलिस वाहन उड़ाया गया था. इसमें 12 जवान शहीद और 14 जवान घायल हुए थे. इस मामले में भी रविंद्र की भूमिका सामने आई थी.
बुलबुल जंगल मामलाः लातेहार-लोहरदगा सीमा पर हथियार बरामदगी का मामला, जिसे एनआईए ने टेकओवर किया था.
