Ranchi: राजधानी रांची में पहली बार देश के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2026 का आयोजन होगा. 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक बिरसा मुण्डा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में मुकाबले खेले जाएंगे. आयोजन को लेकर सोमवार को धुर्वा स्थित FFP बिल्डिंग में उच्चस्तरीय बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने की. सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोजन में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए. फायर सेफ्टी, स्टेडियम ब्रांडिंग, खिलाड़ियों-अतिथियों का ठहराव, आमंत्रण पत्र वितरण और सुरक्षा व्यवस्था को उच्च मानकों के अनुरूप रखने को कहा गया.

सुरक्षा और व्यवस्था के इंतजाम

मैच शेड्यूल के अनुसार विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति, रांची नगर निगम को स्टेडियम और आसपास साफ-सफाई की जिम्मेदारी, पुलिस और प्रशासन को यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश, सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया.

18 जुलाई को ट्रॉफी टूर

टूर्नामेंट को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ाने के लिए भारतीय थल सेना द्वारा 18 जुलाई 2026 को रांची में ट्रॉफी टूर आयोजित किया जाएगा. इस दौरान डूरंड कप की ट्रॉफी को शहर के प्रमुख मार्गों से ले जाया जाएगा.

खेल संस्कृति को नई ऊर्जा

जिला प्रशासन, स्वास्थ्य, विद्युत, खेल प्राधिकरण, पर्यटन, संस्कृति और सूचना-जनसंपर्क विभाग को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. प्रशासन का मानना है कि रांची में डूरंड कप का आयोजन राज्य में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देने और युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुझान बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. बैठक में नगर आयुक्त सुशांत गौरव, निदेशक खेल छवि रंजन, कर्नल हेम चंद्रा, मेजर आनंद, नगर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed