Ranchi: झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा के तहत रांची जिले में विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर होने वाली गतिविधियों को सफल बनाने के लिए मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. इसमें डीसी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्धारित तिथि और समय पर कार्यक्रम आयोजित करने तथा तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया.
पंचायत से जिला स्तर तक होंगे कार्यक्रम
बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे. डीसी ने स्थापना पखवाड़ा के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित हों और इसमें संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए.
जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने पर जोर
डीसी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक पहुंचाने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया. उन्होंने सर्वजन पेंशन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना, फूलो झानो आशीर्वाद अभियान और सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा.
लंबित मामलों का तेजी से करें निष्पादन
उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके.
वीबी-जी राम जी योजना में मैनडेज सृजन बढ़ाने का निर्देश
बैठक में वीबी-जी राम जी योजना के तहत मैनडेज क्रिएशन और योजनाओं की स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया. डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा.
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और राज्य स्थापना पखवाड़ा के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने का निर्देश दिया.
