Patna: मोतिहारी जिले में पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप में एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है. सोशल मीडिया पर वायरल एक ऑडियो कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर सुगौली थाना में पदस्थापित दरोगा शैलेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. वायरल ऑडियो में कथित तौर पर जमीन विवाद के एक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और मामले को रफा-दफा करने के एवज में चार हजार रुपये लेने की बातचीत सामने आई है. बातचीत के दौरान आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप है.

जमीन विवाद में महिला ने दिया था आवेदन

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 7 अक्टूबर 2026 को एक महिला ने सुगौली थाना में जमीन विवाद को लेकर आवेदन दिया था. महिला ने अपनी झोपड़ी में आग लगाने और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया था. इस मामले की जांच दरोगा शैलेश कुमार कर रहे थे. इसी दौरान वायरल ऑडियो में कथित रूप से प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और मामले को रफा-दफा करने के बदले चार हजार रुपये लेने की बातचीत सामने आई.

प्रारंभिक जांच में दारोगा की संलिप्तता के संकेत

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कार्यालय की ओर से पर्यवेक्षी पदाधिकारी पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार से जांच कराई गई. प्रारंभिक जांच में पुलिस अवर निरीक्षक शैलेश कुमार की संलिप्तता प्रथम दृष्टया प्रतीत हुई. पुलिस के अनुसार, इस तरह के संदिग्ध आचरण से आम लोगों में पुलिस के प्रति अविश्वास और असंतोष पैदा होता है. साथ ही इससे पुलिस विभाग की छवि और गरिमा भी प्रभावित होती है. प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने शैलेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए रक्सौल एसडीपीओ को विस्तृत जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्हें 24 घंटे के अंदर जांच प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *