Ranchi: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से छूट गए पात्र नागरिकों को निर्वाचन विभाग एक और मौका देने जा रहा है. इसके लिए 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक चलने वाले इन कैंपों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे.

सभी बूथों पर होगी विशेष बैठक और चुनाव पाठशाला

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि इस दौरान बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक के साथ चुनाव पाठशाला भी आयोजित की जाएगी. इसे एसआईआर के तहत छठी एवं अंतिम बीएलओ-बीएलए-2 बैठक बताया गया है. उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से इस विशेष अवसर का लाभ उठाने और मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने की अपील की है.

एएसडीडी सूची में नाम होने पर जमा करें फॉर्म-6

कैंप के दौरान भारत निर्वाचन आयोग की ओर से एएसडीडी (ASDD) सूची का सभी मतदान केंद्रों पर पुनः प्रकाशन किया जाएगा. यदि कोई पात्र भारतीय नागरिक किसी कारणवश इस सूची में शामिल हो गया है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 अथवा इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकता है. निर्वाचन विभाग ऐसे मामलों पर आवश्यक कार्रवाई करेगा.

नो मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी वाले मतदाताओं पर भी नजर

निर्वाचन विभाग की ओर से नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी और अन्य श्रेणियों के मतदाताओं की सूची भी संबंधित मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएगी. इसमें वैसे मतदाता शामिल हैं, जिन्हें निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) स्तर से सुनवाई के दौरान दो बार नोटिस जारी किया गया और घर-घर सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी हुई, लेकिन अब तक आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं. ऐसे मतदाताओं को अपनी स्थिति स्पष्ट करने और जरूरी दस्तावेज जमा करने का अवसर मिलेगा.

18 साल पूरे कर चुके युवा भी जुड़वा सकेंगे नाम

इस अभियान में पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके, लेकिन अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं करा सके पात्र भारतीय नागरिकों से फॉर्म-6 प्राप्त किया जाएगा. इसके आधार पर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

कोई पात्र नागरिक न छूटे, इसी उद्देश्य से पहल

के. रवि कुमार ने कहा कि एसआईआर के तहत यह विशेष पहल इसलिए की जा रही है, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित नहीं रहे. उन्होंने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से 18 नवंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *