Ranchi: मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ चतरा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. सदर थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में नामजद छह आरोपियों के घर पुलिस ने न्यायालय से जारी इश्तेहार का तामिला कराया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में आरोपियों के घरों पर इश्तेहार चिपकाकर उन्हें न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया.
तीन मामलों में फरार हैं छह आरोपी
पुलिस के अनुसार, पहला मामला सदर थाना कांड संख्या 117/2024 से संबंधित है. इस मामले में सिरम बजरमरी बरैनी निवासी संजय यादव उर्फ टुनी यादव (35) आरोपी है. दूसरा मामला सदर थाना कांड संख्या 313/2021 का है, जिसमें कदले तिलैया निवासी लालू गंझू आरोपी है. वहीं, तीसरा मामला सदर थाना कांड संख्या 379/2024 से संबंधित है. इसमें कदले निवासी परमेश्वर गंझू और किशोरी गंझू तथा पटेर निवासी बिनोद कुमार नामजद आरोपी हैं.
वारंट के बाद भी नहीं किया आत्मसमर्पण
पुलिस के मुताबिक, तीनों मामलों के अनुसंधान के दौरान आरोपियों के खिलाफ वारंट का तामिला कराया गया था. इसके बावजूद आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं किया. इसके बाद न्यायालय द्वारा उनके विरुद्ध इश्तेहार जारी किया गया. न्यायालय के आदेश के आलोक में पुलिस ने सभी आरोपियों के घरों पर इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की. इश्तेहार तामिला की कार्रवाई एनडीपीएस थाना प्रभारी एसआई शमी अंसारी के नेतृत्व में की गई. इस दौरान सदर थाना के सशस्त्र बल और चौकीदार भी मौजूद रहे. पुलिस ने स्थानीय लोगों के समक्ष इश्तेहार चिपकाया और आरोपियों को न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया. पुलिस की इस कार्रवाई को एनडीपीएस मामलों में फरार आरोपियों पर दबाव बनाने और लंबित अनुसंधान को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
