Patna: मोतिहारी जिले के ढाका थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतका के पति कुन्दन कुमार को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी लखौरा थाना क्षेत्र के बिरता टोला मजीरवां का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी पत्नी को पैसे और मोबाइल का लालच देकर सुनसान जगह पर बुलाया था। वहां कुदाल से सिर पर वार करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को गड्ढा खोदकर दफना दिया.

पति के बुलाने के बाद लापता हो गई थी महिला

पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर की रात ढाका थाना क्षेत्र के करसहिया गांव निवासी भगत प्रसाद कुशवाहा ने अपनी पुत्री के लापता होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. आवेदन में बताया गया था कि उनकी पुत्री को उसके पति कुन्दन कुमार ने रात में फोन कर घर के पास बुलाया था. इसके बाद से वह वापस घर नहीं लौटी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की. मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी की और कुन्दन कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या करने और शव को जमीन में दफनाने की बात स्वीकार की.

कुदाल से सिर पर वार, फिर गला दबाकर की हत्या

आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान का हवाला देते हुए बताया गया है कि वह ससुराल आया था. उसने पैसे और मोबाइल का लालच देकर पत्नी को सुनसान स्थान पर बुलाया. इसके बाद बहला-फुसलाकर उसे पुआल के ढेर के पास ले गया. वहां बिना बेट वाले कुदाल के पिछले हिस्से से उसके सिर पर वार कर बेहोश कर दिया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद अपने साथ लाए कुदाल में बेट लगाकर गड्ढा खोदा और शव को उसमें दफना दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बिना बेट का एक कुदाल, एक मोबाइल फोन और मृतका के कपड़े बरामद किए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *