Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 18.11 करोड़ रुपये की लागत से पटना जिला अंतर्गत नगर परिषद् मोकामा क्षेत्र में परशुराम स्थान परिसर में कमर्शियल बिल्डिंग निर्माण योजना का शिलान्यास किया तथा परशुराम मेले का उद्घाटन किया. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान परशुराम जी की जयंती के अवसर पर सभी लोगों को बधाई देता हूं. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं सभी मोकामावासियों का स्वागत करता हूं. आज के कार्यक्रम में भगवान परशुराम की जयंती के अवसर पर मोकामा क्षेत्र में परशुराम स्थान परिसर में कमर्शियल बिल्डिंग निर्माण योजना का शिलान्यास किया गया है तथा परशुराम मेले का उद्घाटन भी किया गया है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस क्षेत्र के लिए काफी काम किया है. वर्ष 2025 में जब मैं उप मुख्यमंत्री था तो मैंने इस मेले परिसर का निरीक्षण किया था और कहा था कि मेले को विस्तार देने एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कार्य कराएं मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कमर्शियल एक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार करें. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कमर्शियल बिल्डिंग निर्माण योजना का शिलान्यास किया गया है और हमारी अपेक्षा है कि अगले वर्ष जब परशुराम मेला आयोजित हो तो उसमें श्रद्धालुओं के लिए और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हों.

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोकामा एक महत्वपूर्ण स्थल है जिसके विकास के लिए कई कार्य किए गए हैं. मैंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया है कि इस क्षेत्र में उद्योग को विकसित करने के लिए जमीन को चिह्नित करें. यहां हैवी इंडस्ट्री के विकास की काफी संभावनाएं हैं. इस क्षेत्र में सस्ती जमीन को चिह्नित किया जाए एवं उसका अधिग्रहण कर उद्योग के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह ने मोकामा अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें विकसित करने के लिए आग्रह किया है. हम सबकी भी इच्छा है कि इस अस्पताल को बेहतर बनाया जाए और इसको लेकर सरकार काम करेगी.

मुख्यमंत्री ने मोकामावासियों को बधाई देते हुये कहा कि यहां पर तिरुपति भगवान के मंदिर की भी कल्पना की गई है और वह बनाया जा रहा है. भगवान परशुराम को नमन करता हूं और उनकी जयंती के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देता हूं. भगवान परशुराम ने अनीतियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी. उनके आदर्श हम सभी के लिए प्रेरणा है. बिहार के सुख, शांति एवं समृद्धि के लिए भगवान परशुराम का आशीर्वाद बना रहे, यही हमारी कामना है. प्रधानमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ने इस क्षेत्र में पुल, फोरलेन सहित कई बुनियादी ढांचे के निर्माण के साथ-साथ नागरिक और बुनियादी सुविधाएं विकसित की हैं. बिहार को और समृद्ध बनाने के लिए हम सबको मिलकर काम करना होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *