Patna: सक्रिय पुलिसिंग के तहत सिवान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए BSAP-2 डेहरी के जवान मधुप कुमार हत्याकांड के अप्राथमिकी अभियुक्त शत्रुधन कुमार यादव उर्फ नवलखा यादव समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से हथियार और स्कॉर्पियो भी बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपी में भैरवा थाना क्षेत्र के इमनौली के रहने वाले मुख्य आरोपी शत्रुधन कुमार यादव उर्फ नवलखा यादव, कबीरपुर के रहने वाले सोनू कुमार यादव उर्फ शक्ति यादव और नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला के रहने वाले सुशील कुमार यादव उर्फ भीम का नाम शामिल है. तलाशी में उनके पास से एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, 6 गोली, स्कॉर्पियो और 5 मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है. इस संबंध में मुफस्सिल थाना (414/26) में अलग से आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया है.

कैसे हुई गिरफ्तारी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार के अनुसार एसटीएफ, जिला आसूचना ईकाई और मुफस्सिल थाना को गुप्त सूचना मिली कि मुफस्सिल थाना (कांड संo 875/25) का अप्राथमिकी अभियुक्त नवलखा यादव बिना नम्बर प्लेट की सफेद स्कॉर्पियो से सिवान आ रहा है. सूचना पर छोटपुर बाईपास के पास सघन वाहन चेकिंग चलाई गई. इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को घेरकर रोका और उसमें सवार 3 लोगों को हिरासत में लिया. नवलखा यादव का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है. उस पर मैरवा, मुफस्सिल और गोरेयाकोठी थाना में हत्या, आर्म्स एक्ट और मद्य निषेध के तहत 11 कांड दर्ज हैं. उल्लेखनीय है कि मधुप कुमार हत्याकांड में अब तक 4 आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है.

क्या है मामला

12-13 दिसंबर 2025 की रात सराय थाना द्वारा शराब के विरुद्ध छापेमारी की जा रही थी. छापेमारी के दौरान बीएसएपी-2 डेहरी के जवान मधुप कुमार को अज्ञात वाहन ने छोटपुर गांव में रौंद दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये और इलाज के दौरान सदर अस्पताल में उनकी मौत हो गयी. जांच में सामने आया है कि तीन वाहन उत्तर प्रदेश से अवैध शराब लेकर सीवान आ रहे थे. इसी दौरान पीछा करने के क्रम में छोटपुर गांव के पास दुर्घटना हुई. वही आऱोपी वाहन लेकर फरार हो गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed