Patna: स्कूली बच्चों से काम कराने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है. अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय, खजूरबाड़ी, वार्ड-10 की विशिष्ट शिक्षिका अफसाना परवीन और प्रधान शिक्षिका नीलिमा पाठक को शनिवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत दोनों पर कार्रवाई करते हुए:दोनों शिक्षिकाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया. उनके खिलाफ अलग-अलग आरोप पत्र जारी कर विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की गई. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, फारबिसगंज निर्धारित किया गयाउन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा.
क्या है मामला
आरोप है कि विद्यालय परिसर में जलजमाव के बीच शिक्षिका अफसाना परवीन ने बच्चों से बेंच ढुलवाया और उसी बेंच पर सवार होकर विद्यालय में प्रवेश किया. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ा. मामला संज्ञान में आने पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर 16 जुलाई को जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने दोनों शिक्षिकाओं से स्पष्टीकरण मांगा था।विशिष्ट शिक्षिका अफसाना परवीन और प्रधान शिक्षिका नीलिमा पाठक ने 17 जुलाई को जवाब सौंपा. जांच में दोनों का जवाब असंतोषजनक पाया गया. प्रथम दृष्टया यह लापरवाही, स्वेच्छाचारिता, विभागीय निर्देशों की अवहेलना और सरकारी सेवक आचरण के प्रतिकूल माना गया. यह कृत्य बच्चों के अधिकारों और शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2011 के प्रावधानों के भी विपरीत पाया गया.
