Ranchi:  रांची के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री रविवार को आगामी सावन पर्व को लेकर पहाड़ी  मंदिर में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों और मंदिर समिति के सदस्यों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए.

श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो दिए गए स्पष्ट निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पहाड़ी बाबा मंदिर तक पहुंचने वाले सीढ़ी मार्ग, शौचालयों का निर्माण, सीढ़ियों पर श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यवस्था, रास्तों में बिछाए जा रहे पेवर ब्लॉक्स, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था सहित मंदिर में चल रहे समस्त निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सावन माह में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को दर्शन, पूजा-अर्चना और अन्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए. उपायुक्त ने कहा, “पहाड़ी बाबा रांचीवासियों की आस्था के केंद्र हैं. सावन पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं. इसलिए सभी निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं तथा गुणवत्ता का पूर्ण ध्यान रखा जाए. सीढ़ी मार्ग को सुगम और सुरक्षित बनाना, पर्याप्त शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है.”

दुकानदारों से आग्रह कि वे शीशे में कोई भी पूजन सामग्री बिल्कुल न दें

उपायुक्त ने सावन पर्व के दौरान भक्तों से अपील की कि वे पूजा के दौरान शीशे या मेटल की वस्तुओं का प्रयोग बिल्कुल न करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि शीशे की कोई भी पूजन वस्तु पहाड़ी मंदिर में पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी. साथ ही दुकानदारों से भी आग्रह किया गया कि वे शीशे में कोई भी पूजन सामग्री बिल्कुल न दें. निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने जिला प्रशासन की ओर से पहाड़ी बाबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और जिला वासियों की सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली के लिए प्रार्थना की. उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी बाबा से आशीर्वाद मांगा कि उनकी कृपा सदैव रांचीवासियों पर बनी रहे तथा सभी को सकारात्मक ऊर्जा और मार्गदर्शन प्राप्त होता रहे.

निम्नलिखित निर्देश दिए गए

– सावन पर्व से पूर्व सभी विकास कार्य पूर्ण करने के लिए कड़े समयबद्ध लक्ष्य.

– श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त शौचालय, पेयजल, रोशनी और बैठने की व्यवस्था.

– सीढ़ी मार्ग और मुख्य रास्तों का निर्बाध व सुगम निर्माण.

– सुरक्षा, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रभावी प्लान तैयार करने के निर्देश.

नियमित रूप से कार्य प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से कार्य प्रगति की समीक्षा करने और किसी भी प्रकार की कमी आने पर तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. पहाड़ी मंदिर के सदस्यों ने जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों को अंग वस्त्र पहना कर उनका सम्मान किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed