Patna: राज्य के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालयों में सुरक्षा, अनुशासन और पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. एससी-एसटी कल्याण विभाग ने राज्य के सभी 91 आवासीय विद्यालयों को पटना स्थित केंद्रीय कमांड कंट्रोल रूम से जोड़ दिया है. अब इन स्कूलों की 24 घंटे ऑनलाइन निगरानी होगी. विभाग द्वारा सभी विद्यालयों में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इन कैमरों की लाइव फीड सीधे कमांड कंट्रोल रूम में दिखाई देगी. वहां से अधिकारी स्कूल परिसर, छात्रावास, भोजनालय, गेट, सुरक्षा व्यवस्था और रोजमर्रा की गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगे. कहीं भी कोई गड़बड़ी या सुरक्षा संबंधी घटना होने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.
स्कूलों के संचालन में आएगा सुधारः मंत्री
अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री श्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण माहौल देना है. उन्होंने कहा, “तकनीक आधारित यह निगरानी व्यवस्था स्कूलों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाएगी. इससे बच्चों के समग्र विकास में मदद मिलेगी।”कमांड कंट्रोल रूम के जरिए शिक्षकों-कर्मियों की उपस्थिति, छात्रावास की व्यवस्था, साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और अन्य सुविधाओं की भी नियमित जांच होगी. इससे शिकायतों का निपटारा जल्दी होगा और स्कूलों के संचालन में सुधार आएगा.
