Ranchi: हजारीबाग पुलिस ने नशीले पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़कागांव से 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 16 ग्राम ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रॉनिक तराजु और स्मोक लाइटर पुलिस ने बरामद किया है. गिरफ्तार आऱोपी में आदित्य कुमार और विपिन कुमार पाण्डेय का नाम शामिल है. दोनो आऱोपी बड़कागांव थाना क्षेत्र के रहने वाले है.
मिली जानकारी के अऩुसार सोमवार को हजारीबाग एसपी को गुप्त सूचना मिली कि बड़कागांव थाना क्षेत्र के ग्राम-बाबुपुरा में गोन्दलपुरा जाने वाली सड़क किनारे बंद पड़े घर की चारदीवारी के अंदर कुछ लड़के नशीली पदार्थ ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना पर बड़कागांव एसडीपीओ के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई. छापामारी टीम जब बंद पड़े घर के पास पहुंची तो चारदीवारी के अंदर से 2 लोग पुलिस टीम को देखकर भागने लगे, भाग रहे आरोपी आदित्य कुमार और विपिन कुमार पाण्डेय को पकड़ा गया. तलाशी में आदित्य कुमार के पास से 12 ग्राम ब्राउन शुगर, मशीन व लाइटर तथा विपिन कुमार के पास से 10 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई. इस संबंध में दोनों आरोपी के विरुद्ध बड़कागांव थाना (कांड सं0-115/26) में मामला दर्ज किया गया है.
