Ranchi: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सोमवार को खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित नव चयनित इंटर एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों के नियुक्ति-पत्र वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने 1,042 सहायक आचार्यों के बीच नियुक्ति पत्र वितरित किए और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के आलोक में कक्षा 6 से 12 तक के कंटीन्यूअस प्रोफेशनल डेवलपमेंट (CPD) प्रशिक्षण का ऑनलाइन शुभारंभ किया. इस दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, सांसद राज्यसभा महुआ माजी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विभागीय सचिव उमा शंकर सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारी व नव नियुक्त सहायक आचार्य और परिजन उपस्थित थे.
“आप राज्य की बौद्धिक संपदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में राज्य के बौद्धिक क्षेत्र का आयाम कैसा हो और हमारी आने वाली पीढ़ी अपने पैरों पर कैसे खड़ी हो, यह अब आप सभी नव नियुक्त सहायक शिक्षकों को तय करना है. आज से आप राज्य सरकार के अभिन्न अंग के रूप में कार्य करेंगे. शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड किस प्रकार अग्रणी राज्यों की श्रेणी में आकर खड़ा हो, यह आपकी जिम्मेवारी है. राज्य सरकार ने आपको केवल नौकरी नहीं, बल्कि राज्य की भावी पीढ़ी का भविष्य गढ़ने की महत्वपूर्ण जिम्मेवारी सौंपी है.
शिक्षकों के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं. शिक्षकों के ज्ञान, व्यवहार और कार्यशैली से राज्य के बच्चों का भविष्य तय होगा. झारखंड की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण रही हैं, इसलिए दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने की जिम्मेवारी आप सभी के कंधों पर रहेगी.
“सरकार की आंख, कान और हाथ बनकर कार्य करें”
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से आप सभी नव नियुक्त सहायक आचार्य सरकार की आंख, कान और हाथ बनकर कार्य करेंगे. झारखंड के विद्यालयों से बच्चों के साथ कोई भी अप्रिय अथवा दुर्व्यवहार की खबर सामने नहीं आनी चाहिए. अगर बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की बर्बरता होती है, तो सरकार कड़े कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी.
मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय ने बदली धारणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने निजी विद्यालयों के समानांतर ‘मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय’ मॉडल को खड़ा किया है. वर्ष 2021 में शुरू हुए इस प्रयास का असर आज यह है कि शहरी व अन्य क्षेत्रों में जहां 9 से 10 हजार सीटें उपलब्ध हैं, वहीं दाखिले के लिए 40 हजार से अधिक आवेदन आ रहे हैं. आज के नियुक्ति पत्र वितरण में 200 से अधिक विज्ञान संकाय के शिक्षकों की बहाली हुई है. अब हमारे बच्चे विज्ञान की पढ़ाई कर इंजीनियर, डॉक्टर बनेंगे.
नियुक्तियों का दौर जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पिछले कार्यकाल में जहां 55 हजार से अधिक नियुक्तियां दी गई थीं, वहीं वर्तमान कार्यकाल के दूसरे महीने से ही स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर नियुक्तियां निरंतर जारी हैं.
नव नियुक्त शिक्षकों के अनुभव
रांची की सीता कुमारी ने कहा कि 22 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद नियुक्ति मिली. मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना, सावित्रीबाई फुले योजना से बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं. मनोज कुमार वैद्य ने कहा कि 2026 को नियुक्तियों का वर्ष घोषित करने का लाभ मिला. प्रदीप कुमार यादव ने भावुक होकर कहा कि मेरी मां ने मुख्यमंत्री की तस्वीर को तीन बार प्रणाम किया. कहीं एक रुपया दिए बिना ही इतनी पारदर्शी भर्ती हुई है.
