Ranchi: पाकुड़ पुलिस ने महज 02 दिनों के अंदर बंद घरों में हुई चोरी की घटना का उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी में पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के शहरकोल के रहने वाले सागर मंडल और बल्लमपुर के रहने वाले हबीब सुरज शेख, बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर के रहने वाले रोनी शेख और युसुफनगर के रहने वाले मो0 इस्माईल हक का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर कांसा की थाली- 02 पीस, कांसा का कटोरा- 02 पीस, कांसा का दिया- 01 पीस, पीतल का बाल्टी- 01 पीस, इंडेन कंपनी का गैस रेगुलेटर- 01 पीस, प्रेस्टीज कंपनी का इंडक्शन चूल्हा, लाल-काला तार करीब 5 मीटर, चोरी में प्रयोग किया गया टूल्स, नगद- 900/-, एक गुल्लक और पीतल जैसा दरवाजा का 02 स्टॉपर पुलिस ने बरामद किया है.
पाकुड़ एसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 12 अगस्त की रात में नगर थाना क्षेत्र के मटपाड़ा और शहरकोल में दो बंद घरों में चोरी की घटना हुई थी. अज्ञात चोरों ने घरों से 03 कासा की थाली, चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, पीतल का बर्तन, बॉल, इंडक्शन चूल्हा, बिजली का स्विच/तार, 01 सोने की अंगूठी और नगद 20,000/- रुपये एवं अन्य सामान चोरी कर लिए थे. इस संबंध में पाकुड़ नगर थाना (कांड संख्या-192/26 और 193/26) में मामला दर्ज किया गया था. घटनाओं पर अंकुश लगाने और उद्भेदन के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. विशेष छापेमारी टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते चार अपराधी को गिरफ्तार कर लिया. अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया सामान बरामद किया. तीन आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है.
