Ranchi: 9-10 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. शनिवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री एवं एसएसपी राकेश रंजन ने कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. दोनों अधिकारियों ने मंच, स्टाल, प्रवेश-निकास द्वार, दर्शक दीर्घा और आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया. उपायुक्त ने कानून-व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, स्टालों की सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था की जांच और आपातकालीन निकास मार्ग साफ रखने का निर्देश दिया. एसएसपी ने सीसीटीवी निगरानी सुदृढ़ करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग के निर्देश दिए. उन्होंने यातायात पुलिस को भीड़ के मद्देनजर वैकल्पिक मार्गों का प्रचार करने को कहा. उपायुक्त ने कहा कि महोत्सव में झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोक कला, पारंपरिक नृत्य, संगीत, हस्तशिल्प एवं व्यंजनों का भव्य प्रदर्शन होगा. बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें.

ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था

महोत्सव के कारण 09.08.2026 को सुबह 08:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक जतरा कार्यक्रम के दौरान जेल चौक से करमटोली चौक, एसएसपी आवास मोड होते हुए बापू वाटिका मोरहाबादी तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. ट्रैफिक एसपी ने नागरिकों से अपील की है कि जतरा रूट पर चारपहिया वाहन का उपयोग विशेष परिस्थिति में ही करें. आवश्यकतानुसार अन्य मार्गों को भी अल्प समय के लिए डायवर्ट किया जा सकता है. प्रशासन ने कहा है कि व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाएगी ताकि महोत्सव सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो.

पार्किंग स्थल निर्धारित

राँची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान, मोरहाबादी: खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, रातू, कांके, पिठोरिया और शहर के अंदर धुर्वा, हिनू, डोरण्डा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू, अरगोड़ा से आने वाले वाहन यहां पार्क कर सकते हैं. रूट: कांके रिंग रोड-चांदनी चौक-राम मंदिर या न्यू मार्केट-हॉटलिप्स-रेडियम-SSP आवास-रणधीर वर्मा-ATI मोड.

TRI मैदान, मंदिर मैदान: बोड़या रोड की तरफ से आने वाले वाहन.

DIG मैदान, बरियातु: टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड, रिम्स, बरियातु की तरफ से आने वाले वाहन.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed