Patna: समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में स्वर्ण व्यवसायी के प्रतिष्ठान में लूट और डकैती की साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने डॉ. नवीन कुमार के भाई दीपक कुमार और कुंदन झा समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि क्लीनिक से जुड़े विवाद को लेकर आठ लाख रुपये देने और इसके लिए लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी. दीपक कुमार ने हथियार खरीदने के लिए 10 हजार रुपये एडवांस भी दिए थे. आरोपियों की निशानदेही पर एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार अपराधी में कुन्दन झा और दीपक कुमार (डॉ० नीवन कुमार का भाई, साई नर्सिंग होम) का नाम शामिल है. दोनो दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के रहने वाले है.
स्वर्ण प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर की रात सूचना मिली थी कि दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में किसी स्वर्ण व्यवसायी या उसके प्रतिष्ठान में लूट अथवा डकैती की घटना को अंजाम देने के लिए अपराधी योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया. इसमें तकनीकी शाखा और एसटीएफ की टीम को भी शामिल किया गया. 5 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे पुलिस ने अजनौल गांव में जटहू ठाकुर के बगीचे में घेराबंदी कर छापेमारी की. इस दौरान प्रवीण कुमार ठाकुर और पारस कुमार महतो को गिरफ्तार किया गया. उनके पास से दो लोहे के देशी कट्टे, पांच जिंदा कारतूस और दो टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किए गए. हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य अपराधी फरार हो गए थे. इस संबंध में दलसिंहसराय थाना (कांड संख्या 644/26) में मामला दर्ज किया गया.
कुंदन की गिरफ्तारी से सामने आया क्लीनिक विवाद का एंगल
मामले के अनुसंधान के दौरान 6 नवंबर की रात करीब दो बजे पुलिस ने कुंदन झा को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस को इस साजिश के पीछे क्लीनिक विवाद का एंगल सामने आया. दीपक कुमार का अपने भाई डॉ. नवीन कुमार के क्लीनिक को लेकर विवाद था. इस विवाद में राकेश कुमार को आठ लाख रुपये देने की बात थी. आरोप है कि इस रकम की व्यवस्था करने के लिए लूट की वारदात की योजना बनाई गई थी.
हथियार खरीदने के लिए दिए थे 10 हजार रुपये
पुलिस के अनुसार, दीपक कुमार ने हथियार खरीदने के लिए 10 हजार रुपये एडवांस के रूप में दिए थे. कुंदन झा की निशानदेही पर अजनौल डीह स्थित जटहू ठाकुर के बगीचे की झाड़ियों में छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए. पुलिस ने कुंदन के पास से रेडमी कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया. इस मामले में पुलिस ने दीपक कुमार को भी गिरफ्तार किया है, जो डॉ. नवीन कुमार का भाई और दलसिंहसराय स्थित साई नर्सिंग होम से जुड़ा बताया गया है. पुलिस ने बरामद हथियार के संबंध में दलसिंहसराय थाना (कांड संख्या 648/26) में मामला दर्ज किया है. कुंदन झा का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके विरुद्ध दलसिंहसराय, ताजपुर और पटोरी थानों में कई मामले दर्ज हैं. इनमें आर्म्स एक्ट, चोरी, लूट और डकैती से संबंधित मामले शामिल हैं.
