Patna: कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से 52.58 ग्राम हीरोइन जैसा मादक पदार्थ और 19 लाख 48 हजार 12 रुपये नकद बरामद किए हैं. पुलिस ने मौके से एक महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने बरामद नकदी को हीरोइन बेचकर जुटाया गया पैसा बताया है. गिरफ्तार आरोपी में कुदरा थाना क्षेत्र के वार्ड नं-11 के रहने वाली किरण देवी, दुर्गावती थाना क्षेत्र के करमपुरा पिपरा निवासी मिंटू सिंह और राजेश सिंह को गिरफ्तार किया.

पुलिस के अनुसार, छह नवंबर की रात करीब 11:40 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुदरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-11 निवासी किरण देवी के घर में हीरोइन की पैकिंग की जा रही है. सूचना में गुल्लर सिंह उर्फ अंचल सिंह और अन्य लोगों के भी इस गतिविधि में शामिल होने की बात बताई गई थी. सूचना के सत्यापन के बाद कुदरा थानाध्यक्ष और अंचलाधिकारी कुदरा (मजिस्ट्रेट) के नेतृत्व में टीम गठित की गई. टीम ने मौके पर पहुंचकर किरण देवी के घर की घेराबंदी की और विधिवत तलाशी ली. तलाशी के दौरान घर से अलग-अलग पॉलीथिन में रखा कुल 52.58 ग्राम हीरोइन बरामद हुआ. इसके अलावा 19,48,012 रुपये नकद भी मिले. आरोपितों ने पूछताछ में मादक पदार्थ को अपना बताया और नकदी को उसकी बिक्री से अर्जित रकम बताया. तीनों के खिलाफ कुदरा थाना (कांड संख्या 526/26) में मामला दर्ज किया गया है. मामले में कुछ अन्य आरोपित अभी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे नेटवर्क और मादक पदार्थ की आपूर्ति तथा बिक्री से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed