Patna: मोतिहारी जिले के नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पाकिस्तानी संपर्क और साइबर ठगी से जुड़े मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों युवक बेलिसराय स्थित एक किराये के मकान में रह रहे थे. इनके मोबाइल फोन की जांच के दौरान व्हाट्सएप पर पाकिस्तानी लोगों से संपर्क और अवैध लेन-देन से संबंधित जानकारी सामने आई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और पांच एटीएम कार्ड बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपी में डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के सेम्भुआपुर के रहने वाले पंकज गुप्ता और संग्रामपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर बरवा निवासी राजू कुमार कुशवाहा उर्फ राजू कुमार भगत का नाम शामिल है.
मोबाइल की जांच में सामने आया पाकिस्तानी संपर्क
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलिसराय में किराये के मकान में रहने वाले दो व्यक्ति पाकिस्तान के संपर्क में हैं और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल के माध्यम से ठगी एवं धोखाधड़ी की योजना बना रहे हैं. सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. गठित टीम ने संबंधित मकान में छापेमारी कर दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से मोबाइल फोन बरामद किए गए. मोबाइल का अवलोकन करने पर व्हाट्सएप पर पाकिस्तानी लोगों से संपर्क और अवैध लेन-देन का मामला सामने आया. पुलिस अब इस संपर्क और कथित वित्तीय लेन-देन की प्रकृति की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का पाकिस्तानी संपर्क किन लोगों से था, पैसों का लेन-देन किस उद्देश्य से किया जा रहा था और क्या इसके तार किसी बड़े साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े हैं.
