Patna: मुंगेर जिला पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पूरबसराय थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस की विशेष टीम ने आजाद कॉलोनी कमेला क्षेत्र स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी कर से 20 ग्राम स्मैक, 2 देशी पिस्तौल, 2 मैगजीन, 2 गोली, 1 इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एल्युमीनियम फॉयल, मोबाइल और 1,38,500 रुपया नगद पुलिस ने बरामद किया है. इस दौरान तीन तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, जबकि गिरोह का मुख्य आरोपी भागने में सफल रहा. गिरफ्तार आरोपी में मुंगेर जिले के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर बासगढ़ा के रहने वाले सोनू कुमार, नयागांव के रहने वाले रमण कुमार और पूरबसराय कमेला रोड के रहने वाले मो. एहतेसाम का नाम शामिल है.
पुलिस के अनुसार पूरबसराय थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि आजाद कॉलोनी निवासी मो. सन्नी उर्फ रिजवान अपने घर से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करता है. सूचना पर दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. जैसे ही पुलिस और दंडाधिकारी की टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी, वहां मौजूद चार लोग भागने लगे. पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को दबोच लिया, जबकि मुख्य आरोपी मो. सन्नी उर्फ रिजवान मौके से फरार हो गया. तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से स्मैक, हथियार, नगदी और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ. घटना के संबंध में पूरबसराय थाना (कांड संख्या-108/26) में मामला दर्ज किया है. पुलिस फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान के लिए सघन छापेमारी अभियान चला रही है.
