Patna: बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए बिहार सरकार ने राहत अभियान तेज कर दिया है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर सारण जिले के पानापुर प्रखंड में ड्राई राशन के एयर ड्रॉप के लिए स्टेट हैंगर, पटना से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी. प्रभावित इलाकों में आवश्यक राशन पैकेट पहुंचाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं.

डीएम ने खुद संभाली राहत व्यवस्था की निगरानी

एयर ड्रॉप अभियान के दौरान पटना के जिलाधिकारी मौके पर मौजूद रहे. उन्होंने राहत सामग्री के एयर ड्रॉप से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण किया और पूरे अभियान की निगरानी की. प्रभावित क्षेत्रों तक राहत सामग्री सुरक्षित और त्वरित तरीके से पहुंचाने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.

मुख्य सचिव के मार्गदर्शन में अधिकारी मौके पर तैनात

बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के मार्गदर्शन और आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल के निर्देश पर विभागीय संयुक्त सचिव अविनाश कुमार तथा जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता मो. आसिफ इकबाल भी मौके पर मौजूद रहे. अधिकारियों ने एयर ड्रॉप से संबंधित तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

अतिरिक्त राशन की मांग मिलते ही शुरू हुई त्वरित कार्रवाई

जिला प्रशासन, सारण की ओर से आज अतिरिक्त राशन पैकेट उपलब्ध कराने की मांग की गई थी. मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए गोरखपुर से हेलीकॉप्टर मंगाया गया है. इसके माध्यम से आवश्यक राशन पैकेट पानापुर के प्रभावित क्षेत्रों में एयर ड्रॉप के लिए भेजे जा रहे हैं.

आपदा प्रभावित परिवारों तक हरसंभव मदद पहुंचाने का दावा

राज्य सरकार ने कहा है कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ लोगों तक त्वरित राहत पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने पैकेजिंग सेंटर का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में सूखा राशन पैकेजिंग सेंटर का निरीक्षण किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने पैकेजिंग सेंटर पर पैकेजिंग किये जा रहे सामग्रियों एवं उसकी गुणवत्ता की जानकारी ली. वहां मौजूद अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि खाद्य पदार्थों के साथ ही जरूरत के सभी सामान हम लोग पैकेट के अंदर रखवा रहे हैं ताकि बाढ़ से प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो. पैकेट में राशन के सामान चूड़ा, चना, सत्तू, चीनी, मसाला, ओआरएस, माचिस, मोमबत्ती सहित जरूरत की अन्य सामग्रियों को रखा गया है. एयरफोर्स के दो हेलीकॉप्टर के माध्यम से राहत सामग्री को बाढ़ से प्रभावित लोगों के बीच वितरित किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत सामग्रियों के वितरण में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए. बाढ़ पीड़ितों को समय पर खाद्य पदार्थों के साथ ही सभी जरूरत के सामान मुहैया कराए जाएं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed