Ranchi: सीतारामडेरा थाना पुलिस ने मानगो बस स्टैंड से भारी मात्रा में गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी उड़ीसा से गांजा खरीदकर बिहार-बनारस ले जा रहा था. पुलिस ने उसके पास से 33.200 किग्रा गांजा और एक मोबाइल बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी उमेश कुमार बिहार के पटना जिले के अथमलगोला थाना क्षेत्र के गंजपर का रहने वाला है.
सिटी एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली कि सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के मानगो बस स्टैंड के गेट नं-05 के बगल में शौचालय के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर बिहार और बनारस जाने की फिराक में है. एसएसपी के निर्देश पर सीतारामडेरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. गठित टीम ने छापेमारी कर उमेश कुमार को हिरासत में लिया. तलाशी में उसके पास से लिंडुली बैग में 33.200 किग्रा गांजा और 1 सैमसंग कंपनी का एंड्राइड मोबाइल बरामद हुआ. इस संबंध में सीतारामडेरा थाना (कांड संख्या 80/26) में मामला दर्ज किया गया है.
