Ranchi: रांची पुलिस ने मोबाइल टावरों को निशाना बनाने वाले अंतर-जिला गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने Jio कंपनी के पूर्व साइट मैनेजर समेत 4 शातिरों को गिरफ्तार कर 32 चोरी के मामलों का उद्भेदन किया है. साथ ही लाखों का सामान और घटना में प्रयुक्त बलेनो कार भी जब्त की गई है. गिरफ्तार आरोपी में अनगड़ा थाना क्षेत्र के राजडेरा के रहने वाले Jio कंपनी का पूर्व साइट मैनेजर तौफिक अंसारी, नगड़ी थाना क्षेत्र के पिस्का नगड़ी के रहने वाले अकमल अंसारी, पुंदाग थाना क्षेत्र के इलाही नगर के रहने वाले मुबारक अंसारी और कांके थाना क्षेत्र के बर्तना रेन्डो के रहने वाले गौरी कुमार का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर बलेनो कार, 5 टावर बैटरी, 3 RM मशीन, 20 किग्रा केबल, 3 मोबाइल -और बैटरी चार्जर पुलिस ने बरामद किया है.

Jio का पूर्व मैनेजर था मास्टरमाइंड

ग्रामीण एसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि माह अप्रैल 2026 में चान्हों थाना क्षेत्र के ग्राम सिलागाई, फुलडीह और पतरातु में लगे मोबाइल टावरों से सामान चोरी की 3 घटनाएं हुई थीं. आवेदक अभिमन्यु साहु के आवेदन पर चान्हों थाना (कांड सं. 55/26) में मामला दर्ज किया गया था. नेटवर्क कंपनियों की शिकायत पर एसएसपी के निर्देश पर खलारी डीएसपी और मांडर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल नंबरों के विश्लेषण के आधार पर तौफिक अंसारी को हिरासत में लिया गया. कड़ाई से पूछताछ में तौफिक ने चोरी में संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि वह पहले Jio कंपनी में साइट मैनेजर था और उसे टावरों में लगे कीमती सामानों की पूरी जानकारी थी. उसी के इशारे पर साथियों ने चोरी की. इसके बाद अकमल अंसारी और मुबारक अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया. कबाड़ी गौरी कुमार को कांके के रिंग रोड, रेंडो से पकड़ा गया जो चोरी का सामान खरीदता था. गिरोह ने रांची जिले के रांची, पिठौरिया, कांके, अनगड़ा, मांडर, बेड़ो सहित 15 थानों में 32 चोरी की वारदातें कबूल की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *