Ranchi: गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ग्राम-घाट मंजवारा एवं लुकलुकी गर्ल्स स्कूल से समरसेबुल पंप तथा लुकलुकी में दो घरों से बैट्री-इन्वर्टर की चोरी का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपी को गिरफ्तार किया है और 6 समरसेबुल पंप, 2 इन्वर्टर, 1 बैट्री, घटना में प्रयुक्त बाईक समेत चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी में रतन कुमार माँझी और सोनू मिर्धा का नाम शामिल है. दोनो आरोपी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के माल डुमरिया का रहने वाला है.
क्या है मामला
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में 3 अलग-अलग चोरी की घटनाएं से संबंधित मामला दर्ज किया गया. घाट मंजवारा और लुकलुकी गर्ल्स स्कूल से समरसेबुल पंप की चोरी, लुकलुकी ब्राह्मण टोला में दो व्यक्तियों के घर से बैट्री-इन्वर्टर की चोरी के संबंध में मुफस्सिल थाना (काण्ड सं0-126/26, 127/26 एवं 129/26) में अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा एसपी के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया. आसूचना संकलन के क्रम में पता चला कि दो लड़के हरना चौक के पास कम दाम में बैट्री-इन्वर्टर बेच रहे हैं. सूचना पर थाना प्रभारी दल-बल के साथ हरना मोड़ पहुंचे. पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, जिसमें से एक आरोपी को बाईक के साथ पकड़ा गया. दूसरा भाग निकला. पकड़े गए आरोपी रतन कुमार मांझी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने सहयोगी के साथ मिलकर घाट मंजवारा और लुकलुकी स्कूल से समरसेबुल तथा लुकलुकी में दो घरों से बैट्री-इन्वर्टर की चोरी की थी. रतन की निशानदेही पर उसके घर से 2 इन्वर्टर, 1 बड़ा बैट्री और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए. वहीं दूसरे आरोपी सोनू मिर्धा के पास और अन्य जगहों से 6 समरसेबुल पंप बरामद हुए.
