Ranchi: आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अपने हाथों में ले ली है. सीबीआई ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आधिकारिक तौर पर जांच शुरू कर दी है. एजेंसी ने इस केस को RC0482026S0007 नंबर आवंटित किया है. जांच शुरू होते ही सीबीआई की टीम मुख्य आरोपी अजय तिर्की के घर पहुंची और मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल शुरू कर दी.
अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ एफआईआर
सीबीआई ने रांची के पिठोरिया थाने में दर्ज प्राथमिकी संख्या 0114/2026 को अपने दिल्ली स्थित स्पेशल क्राइम ब्रांच-1 में री-रजिस्टर किया है. एजेंसी ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 108 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है. पहले दर्ज प्राथमिकी में अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया था. अब सीबीआई सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
सरकार की अनुशंसा के बाद सीबीआई ने संभाली जांच
सीबीआई प्रवक्ता के मुताबिक, झारखंड सरकार ने 10 नवंबर 2026 को दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना (DSPE) अधिनियम, 1946 की धारा 6 के तहत इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की अधिसूचना जारी की थी. इसके बाद 14 नवंबर को कार्मिक विभाग की ओर से भी अधिसूचना जारी की गई. इन्हीं अधिसूचनाओं के आधार पर सीबीआई ने केस अपने हाथ में लेकर प्राथमिकी दर्ज की है.
मौत से पहले फेसबुक लाइव कर लगाए थे गंभीर आरोप
दरअसल, आदिवासी अधिकारों और सामाजिक मुद्दों को लेकर सक्रिय रहने वाली निशा भगत की 6 नवंबर 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. मौत से पहले उन्होंने अपने आवास से करीब 10 मिनट तक फेसबुक लाइव किया था. इस दौरान उन्होंने झारखंड सरकार, स्थानीय पुलिस-प्रशासन और जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे. उन्होंने अपनी परेशानियों का जिक्र करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग भी की थी.
इसके कुछ समय बाद पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित उनके आवास पर उनकी मौत की सूचना मिली. शुरुआती जानकारी में इसे आत्महत्या का मामला बताया गया था. हालांकि, मौत के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए उनके पिता ने निष्पक्ष जांच की मांग की थी.
पिता ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी, प्रताड़ना का लगाया था आरोप
निशा भगत की मौत के अगले दिन 7 नवंबर को उनके पिता हांदू भगत ने पिठोरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को लंबे समय से मानसिक और सामाजिक रूप से परेशान किया जा रहा था. सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं और उनके चरित्र को लेकर भी तरह-तरह की बातें प्रचारित की जा रही थीं.
पिता ने जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर भी निशा को परेशान करने का आरोप लगाया था. उन्होंने अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच करने की मांग की थी. शिकायत में लगातार प्रताड़ना और दबाव के कारण निशा के परेशान रहने की आशंका भी जताई गई थी.
भाजपा ने उठाया था मामला, मुख्यमंत्री ने की थी सीबीआई जांच की अनुशंसा
निशा भगत की मौत का मामला सामने आने के बाद झारखंड में राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई थी. भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने गुमला स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की थी. पार्टी ने इस मामले को लेकर चरणबद्ध आंदोलन भी शुरू किया था.
इसी बीच मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक ने पिठोरिया थाना प्रभारी को निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया था. बाद में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा की थी. अब सीबीआई की ओर से प्राथमिकी दर्ज किए जाने और जांच टीम के मुख्य आरोपी के घर पहुंचने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं. अब देखना होगा कि केंद्रीय एजेंसी की जांच में मौत के पीछे की परिस्थितियों और पिता की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं.
