Ranchi: रांची पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई (पिपुल लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठन के स्टेट चीफ और 10 लाख के इनामी कुख्यात नक्सली अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या को गिरफ्तार कर लिया है. रांची पुलिस की इस कार्रवाई से PLFI संगठन के नेतृत्व का पूर्णतः सफाया हो गया है. गिरफ्तार नक्सली अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या रांची जिले के लापुंग थाना क्षेत्र के जामाकेल सिमरटोली का रहने वाला है. आरोपी के पास से एक स्वचालित पिस्टल, 4 गोली, 3 मोबाईल और पीएलएफआई पर्चा पुलिस ने बरामद किया है. रांची पुलिस की इस कार्रवाई को PLFI के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सफलता माना जा रहा है.

गुप्त सूचना पर हुई घेराबंदी

जानकारी देते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि बीते गुरुवार देर शाम आसूचना मिली कि PLFI का स्टेट चीफ अमृत होरो अपने साथियों के साथ हथियारबंद होकर लापुंग थाना क्षेत्र के महुगांव जंगल में बड़ी घटना की योजना बना रहा है. सूचना पर बेड़ो डीएसपी के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया. देर रात महुगांव के जंगलनुमा इलाके में घेराबंदी कर पुलिस ने हथियारबंद अमृत होरो को दबोच लिया. पूछताछ में उसने खुद को PLFI का स्टेट चीफ बताया. अमृत होरो फिलहाल फरार चल रहा था और कई गंभीर मामलों में वांछित था.

16 साल से फैला रहा था आतंक

अमृत होरो पिछले 16 वर्षों से झारखंड में सक्रिय रहकर नक्सली घटनाओं को अंजाम दे रहा था. उस पर रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और चाईबासा जिलों में 50 से अधिक नक्सली कांड दर्ज हैं. इनमें रांची में 21, गुमला में 21, खूंटी में 6, लोहरदगा और चाईबासा में 1-1 मामले शामिल हैं.

सोशल मीडिया से मांगता था रंगदारी

गिरफ्तार नक्सली ने खुलासा किया कि PLFI के नाम पर व्यवसायियों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों में दहशत फैलाकर फोन व सोशल मीडिया ऐप के जरिए लेवी मांगी जाती थी. धमकी नहीं मानने पर आगजनी और फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था.

अमृत होरो के प्रमुख आपराधिक कारनामे

 लापुंग थाना, 2023: हुलसू निवासी राजेश कुमार साहू की गोली मारकर हत्या. लापुंग थाना, 2024: लोहागढ़ नदी पर जल मीनार के ठेकेदार से 20 लाख लेवी की मांग. कर्रा थाना, अप्रैल 2026: रेल लाइन परियोजना स्थल पर फायरिंग कर रोड रोलर जलाया, ठेकेदार से 50 लाख की लेवी मांगी. पिठौरिया थाना, 2025: कारोबारी संजय सिंह उर्फ मंटू सिंह से हर प्रोजेक्ट में 5% सहयोग राशि की मांग, PLFI लेटर पैड पर पर्चा दिया. कैरो थाना, 2026: राशन दुकान संचालक से 10 लाख लेवी की मांग, फौजी कार्रवाई की धमकी. आनंदपुर थाना, 2024: आपसी वर्चस्व में संगठन के ही सदस्य मत्यस टूटी की हत्या.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed