Ranchi: गढ़वा के चिनियां थाना क्षेत्र के मसरा जंगल से मिले मानव कंकाल के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. प्रेम प्रसंग में पति-पत्नी ने मिलकर युवक की लाठी से पीटकर हत्या कर दी थी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जंगल में फेंक दिया था. पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी में सुदामा सिंह और उसकी पत्नी चुरामनि देवी का नाम शामिल है. आरोपी चिनियां थाना क्षेत्र के मसरा गांव का रहने वाला है. आरोपी के निशानदेही पर मृतक का खोपड़ी, दोनों हाथ, दोनों पैर, रीढ़ की हड्डी, टूटे अंग, जीन्स, शर्ट, टी-शर्ट, जंधिया, बेल्ट, टूटा हुआ मोबाइल और घटना में प्रयुक्त लाठी पुलिस ने बरामद किया है. आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. दोनों के खिलाफ हत्या एवं साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
जंगल में मिला था कंकाल
27 मई को मसरा जंगल में एक मानव कंकाल मिलने की सूचना पर चिनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल पर मिले कपड़े, मोबाइल एवं अन्य सामानों के आधार पर मृतक की शिनाख्त मसरा निवासी जयमंगल कुमार सिंह (उम्र करीब 30 वर्ष) के रूप में की गई. मृतक 13 मई को बारात देखने के बाद से लापता था. कंकाल को जब्त कर पोस्टमार्टम एवं फॉरेंसिक जाँच के लिए रांची रिम्स भेजा गया है.
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
अनुसंधान में सामने आया कि मृतक जयमंगल कुमार सिंह का गांव की ही महिला चुरामनि देवी के साथ पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. 13 मई की रात महिला के पति सुदामा सिंह ने दोनों को एक खेत में आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया. अत्यधिक गुस्से में आकर सुदामा सिंह ने लाठी से सिर पर वार कर जयमंगल सिंह की हत्या कर दी. साक्ष्य मिटाने की कोशिश साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से पति-पत्नी दोनों ने मिलकर शव को मसरा जंगल के लामीघुटरा में फेंक दिया था तथा मृतक का मोबाइल तोड़ दिया था.
