Ranchi: पांच साल पुराने लूट कांड में फरार चल रहे आरोपी को गढ़वा पुलिस ने बिहार के रोहतास से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. केतार थाना क्षेत्र में 2021 में फाइनेंस कर्मी से हथियार के बल पर बाइक और मोबाइल लूटने वाले आरोपी अमरजीत कुमार चौधरी को श्री बंशीधर नगर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने उसके घर से दबोच लिया. गिरफ्तार अमरजीत चौधरी बिहार के रोहतास जिले के यदुनाथपुर थाना क्षेत्र के मटिआंव का रहने वाला है. गढ़वा एसपी को गुप्त सूचना मिली कि फरार आरोपी अमरजीत कुमार चौधरी किसी निजी कार्य से अपने गांव आया हुआ है. सूचना पर श्री बंशीधर नगर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बिहार के रोहतास जिले के यदुनाथपुर थाना क्षेत्र के मटिआंव स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी अमरजीत चौधरी ने लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.
2021 में दिया था घटना को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार 12 फरवरी 2021 को केतार थाना क्षेत्र के खैरवा गांव के पास दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर एक फाइनेंस कर्मी से बाइक और मोबाइल लूट लिया था. पीड़ित के बयान पर केतार थाना में मामला दर्ज किया गया था. अनुसंधान एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस लूट मामले में अमरजीत कुमार चौधरी की संलिप्तता स्पष्ट हुई थी. लेकिन घटना के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस को चकमा दे रहा था.
