Ranchi: लातेहार पुलिस को अवैध शराब के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चंदवा थाना क्षेत्र के सासंग मोड़ पर सघन वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पशु चारे की आड़ में ले जाई जा रही 1054 पेटी विदेशी शराब बरामद की है. इस दौरान एक 12 चक्का ट्रक, एक स्कॉर्पियो और एक क्रेटा कार समेत 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना मौके से फरार हो गया. गिरफ्तार आरोपी में चंदवा थाना क्षेत्र के लुकईया मोड़ के रहने वाले सूरज कुमार, अलौदिया के रहने वाले गौतम कुमार, हेरहंज थाना क्षेत्र के सेरेंदाग के रहने वाले छोटू कुमार यादव, गिरीडीह जिले के नीमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी बाजार के रहने वाले प्रकाश कुमार रवानी और हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के बरांय के रहने वाले राम कुमार पाण्डेय का नाम शामिल है. मौके पर से स्कार्पियो (OD23H 7878), क्रेटा कार (JH01GA 4979) दोनो कार में 25 पेटी शराब, 12 चक्का ट्रक (RJ19GK7002), 200 बोरा धान की भुसी और 1019 पेटी विदेशी शराब पुलिस ने बरामद किया है.
ऐसे दिया गया कार्रवाई को अंजाम
लातेहार एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक 12 चक्का ट्रक में अवैध शराब छिपाकर रांची से चंदवा होते हुए पलामू-गढ़वा की तरफ ले जाया जा रहा है. सूचना पर एसडीपीओ के नेतृत्व में चंदवा थाना द्वारा सासंग मोड़ के पास बैरिकेडिंग लगाकर सघन वाहन चेकिंग शुरू की गई. इसी दौरान चंदवा की तरफ से पहले स्कॉर्पियो, क्रेटा और उसके पीछे 12 चक्का ट्रक आता दिखाई दिया. तीनों वाहनों को रोककर जब चेक किया गया तो ट्रक में 200 बोरा धान की भूसी के नीचे छिपाकर रखी गई 1019 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई. वहीं स्कॉर्पियो (OD23H 7878) और क्रेटा कार (JH01GA 4979) की डिक्की से भी 25 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई. पुलिस फरार सरगना रंजीत यादव उर्फ गोलू की तलाश में छापेमारी कर रही है.
