Ranchi: झारखंड राज्य में वामपंथी उग्रवाद पर अंतिम प्रहार करने और आतंकवाद की घटनाओं पर सजामूलक अनुसंधान की दिशा में कदम बढ़ाते हुए झारखंड पुलिस ने एनआईए (राष्ट्रीय अन्वेषण ब्यूरो) के साथ मिलकर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया है.
सोमवार से होटवार स्थित अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय में शुरू हुए इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में झारखंड पुलिस की जिला इकाई, एटीएस एवं अन्य इकाईयों से एसआई, पुलिस निरीक्षक, डीएसपी एवं एएसपी स्तर के 45 पदाधिकारी भाग ले रहे हैं.
“BNSS(पी) कानून के तहत अनुसंधान कौशल एवं अभियोजन” शीर्षक से संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नए कानूनों के तहत जांच को और मजबूत बनाना है. कार्यक्रम का उद्घाटन आईजी प्रशिक्षण ए0 विजयालक्ष्मी ने किया. इस अवसर पर एनआईए एसपी साकारिका नाथ एवं एसपी अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय उपस्थित थे. पुलिस का कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण से राज्य में उग्रवाद और आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच में तेजी और गुणवत्ता आएगी.
