Ranchi: सिमडेगा जिले के बांसजोर ओपी अंतर्गत तरगा गांव स्थित मोगदा ढाबा हिंसा कांड में सिमडेगा पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. फरार चल रहे धाधी नायक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपी की संख्या 14 हो गई है.

मिली जानकारी के अनुसार 20 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि बांसजोर ओपी क्षेत्र के तरगा गांव स्थित मोगदा ढाबा में लूटपाट और मारपीट की घटना हुई है. सूचना पर ओपी प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे तो ढाबा पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिला. ढाबा संचालक सुखजींदर सिंह और स्टाफ परगट सिंह जख्मी हालत में थे और भीड़ उनसे मारपीट कर रही थी. पुलिस के बीच-बचाव करने पर अपराधी उग्र हो गए और ओपी प्रभारी को बंधक बनाकर मारपीट की, साथ ही उनका पर्स और सरकारी मोबाइल फोन भी छीन लिया. सूचना पर एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक, जलडेगा, सिमडेगा, टी.टांगर, बोलबा, पाकरटांड, मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और बंधक बने सभी लोगों को मुक्त कराया. इस संबंध में जलडेगा (बांसजोर ओपी) थाना (कांड सं. 67/25) में मामला दर्ज किया गया. अनुसंधान के क्रम में पहले 13 आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था. शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी क्रम में धाधी नायक को गिरफ्तार किया गया है. वह गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed